नूंह। तावडू में अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर : 6 एकड़ में विकसित तीन कॉलोनियां ध्वस्त
नूंह
नूंह। जिले के तावडू शहरी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब छह एकड़ क्षेत्र में विकसित तीन अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान कई अवैध निर्माण, दुकानों, डीपीसी (प्लिंथ) और कॉलोनियों में बनाए गए कच्चे सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर तावडू थाना पुलिस का पर्याप्त पुलिस बल मौके पर तैनात रहा 
डीटीपी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पहली अवैध कॉलोनी तावडू राजस्व क्षेत्र में करीब 1.5 एकड़ भूमि पर विकसित की गई थी। यहां विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए छह अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही कॉलोनी में बनाए गए कच्चे सड़क नेटवर्क को भी बुलडोजर से पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
इसके बाद विभाग ने दूसरी अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की, जो लगभग दो एकड़ क्षेत्र में विकसित की गई थी। इस कॉलोनी में भी बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से तैयार किए गए कच्चे रास्तों और सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया, ताकि भविष्य में यहां किसी प्रकार का अवैध निर्माण आगे न बढ़ सके। 
तीसरी कार्रवाई तावडू क्षेत्र में करीब 2.5 एकड़ में विकसित एक अन्य अवैध कॉलोनी पर की गई। यहां चार डीपीसी (प्लिंथ) और कॉलोनी के अंदर बनाए गए कच्चे सड़क नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ दिया गया। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई हरियाणा सरकार के निर्देशों के तहत अवैध कॉलोनियों पर रोक लगाने और अनधिकृत निर्माण को समाप्त करने के उद्देश्य से की गई।
डीटीपी विभाग ने बताया कि जिले में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने या निवेश करने से पहले उसकी वैधता और संबंधित विभाग से मिली मंजूरी की जांच अवश्य कर लें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



