विश्व यक्ष्मा दिवस पर राघोपुर में जागरूकता रैली: “टीबी मुक्त भारत” का दिया संदेश
सुपौल, 24 मार्च। विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर राघोपुर रेफरल अस्पताल परिसर से मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक करना और इसके उपचार से जुड़ी सरकारी सुविधाओं की जानकारी देना था। रैली में स्वास्थ्य प्रबंधक नोमान अहमद, बीसीएम शादाब अली, वरीय उपचार पर्यवेक्षक […]

सुपौल, 24 मार्च। विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर राघोपुर रेफरल अस्पताल परिसर से मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक करना और इसके उपचार से जुड़ी सरकारी सुविधाओं की जानकारी देना था।
रैली में स्वास्थ्य प्रबंधक नोमान अहमद, बीसीएम शादाब अली, वरीय उपचार पर्यवेक्षक अजय कुमार वर्मा, लैब टेक्नीशियन संजीव कुमार साह सहित कई स्वास्थ्य कर्मी और बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने “जन-जन का रखें ध्यान, टीबी मुक्त भारत” का संदेश देते हुए लोगों को जागरूक किया।
रैली अस्पताल परिसर से निकलकर आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, जहां लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर इलाज के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों के लिए मुफ्त जांच और दवा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे बीमारी का प्रभावी उपचार संभव है।
उन्होंने ‘निक्षय पोषण योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत टीबी मरीजों को इलाज के दौरान हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि उन्हें उचित पोषण मिल सके और वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें। इसके अलावा निजी चिकित्सकों को भी प्रोत्साहित करने के लिए टीबी मरीजों की पहचान कर सरकारी पोर्टल पर नोटिफाई करने पर प्रति मरीज 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।



