बाबा सेवादास के नाम हरियाली : 88 पौधे लगाए | युवाओं ने संभाली मुहिम | संरक्षण का लिया संकल्प

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गांव नांगल में रविवार को "एक पेड़ बाबा सेवादास के नाम" अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण किया गया। अभियान की शुरुआत गांव के युवा क्लब के सदस्यों ने की, जिसमें ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे सफल बनाया। पूरे अभियान के दौरान गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर कुल 88 पौधे लगाए गए।
अभियान के तहत श्मशान घाट परिसर में 40 पौधों का रोपण किया गया। इसके अलावा गांव की फिरनी से बाबा सेवादास के आश्रम तक सड़क किनारे पंचायती भूमि पर 25 पौधे लगाए गए। वहीं एससी चौपाल में 8 और राजकीय विद्यालय परिसर में 15 पौधों का रोपण किया गया। सभी पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी ग्रामीणों एवं युवाओं ने लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व विकास यादव ने किया। इस दौरान युवाओं ने स्वयं गड्ढे खोदकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और हरियाली बढ़ाने की अपील की।
इस अवसर पर कप्तान परमानंद, विजय पाल यादव, उपमंडल प्रमुख पीनबी, राजेंद्र मास्टर, सरपंच भूपेंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंह, मनोज कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



