विद्यालय प्रबंधन समितियों से संवाद : शिक्षा सुधार पर जोर | मुख्यमंत्री ने किया संबोधित | गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर फोकस

हरियाणा सरकार के विद्यालय शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालय प्रबंधन समितियों के साथ सीधा संवाद कार्यक्रम का आयोजन अटेली ब्लॉक के अटाली स्थित राजकीय विद्यालय में किया गया। यह कार्यक्रम राज्य स्तरीय आयोजन के रूप में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय प्रबंधन समितियों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि तथा शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा विशिष्ट अतिथि के रूप में वर्चुअल माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा, डिजिटल एवं नवाचार आधारित शिक्षण, सफल विद्यालयों की अवधारणा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना रहा।
संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समितियों की भूमिका को मजबूत बनाने, विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा शिक्षा व्यवस्था में जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत विद्यालय प्रबंधन समितियां शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर मुख्य अध्यापक रतन सिंह, अध्यापक ओम प्रकाश खनगवाल, रोशन लाल, सुदेश कुमार, रघुवीर सिंह, हरपाल सिंह, संध्या कुमारी सहित विद्यालय स्टाफ एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



