महेंद्रगढ़ | बंदरों के झुंड ने महिला पर किया हमला : गंभीर रूप से घायल | अस्पताल में भर्ती
महेंद्रगढ़ में बांदरों के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, अस्पताल में चल रहा है इलाज।

महेंद्रगढ़। शहर के दीवान कॉलोनी रेलवे रोड क्षेत्र में मंगलवार सुबह बंदरों के झुंड ने एक महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे तुरंत सरकारी अस्पताल महेंद्रगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के साथ एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह दीवान कॉलोनी रेलवे रोड पर अचानक बड़ी संख्या में बंदरों का झुंड पहुंच गया। इसी दौरान बबली तंवर, पत्नी सुभाष तंवर (चितलांग वाले), पर बंदरों ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई बंदर एक साथ महिला से लिपट गए और हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों पर काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और काफी रक्तस्राव हुआ।
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने महिला को सरकारी अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के साथ एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के समय अस्पताल में महिला के साथ उनके पति सुभाष तंवर, राजेंद्र भारद्वाज, संजू शर्मा, मयंक उर्फ लक्की शर्मा, मंजू देवी सहित अन्य परिजन और परिचित मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



