नशा मुक्ति का संदेश : गांव-गांव पहुंचा अभियान | युवाओं को किया जागरूक | समाज से मांगा सहयोग

भारत निर्माण युवा दल हरियाणा की जिला महेंद्रगढ़ इकाई द्वारा रविवार को जिले के विभिन्न गांवों एवं नारनौल शहर में "नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान" चलाया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। अभियान के दौरान लोगों को नशे से दूर रहने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
अभियान का संचालन पूर्व ओएसडी मुख्यमंत्री हरियाणा एवं भारत निर्माण युवा दल हरियाणा के संस्थापक अध्यक्ष अभिमन्यु यादव के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। यदि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाया जाए तो स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सामाजिक कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।
cnhfchgjhyv jyfj jyyn
अभियान के तहत गांव सुराणी से इसकी शुरुआत हुई। इसके बाद नोरंगपुरा, नारनौल शहर के धोबी जोहड़ (एनजीओ स्लम एरिया), नसीबपुर, कैलाश नगर, राजपुरा तथा कुंजपुरा में जनसंपर्क कर लोगों को जागरूक किया गया। प्रत्येक स्थान पर युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि नशा अपराध, पारिवारिक विघटन और स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण बनता है। कार्यकर्ताओं ने "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" का संदेश देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। अभियान के दौरान नागरिकों को नशे के खिलाफ जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।
भारत निर्माण युवा दल हरियाणा ने सभी नागरिकों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही संभव है। संगठन ने भविष्य में भी जिलेभर में ऐसे जागरूकता अभियान लगातार चलाने की बात कही।




