नारनौल | शांति कुंज आश्रम में पौधारोपण अभियान : सीजेएम नीलम कुमारी ने पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प | आश्रम का किया निरीक्षण
सीजेएम नीलम कुमारी ने नारनौल में पौधारोपण कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।

नारनौल। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से शांति कुंज अनाथ एवं बेसहारा आश्रम, अटेली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आईसीटीएम सोशल फाउंडेशन मोड़ी (महेंद्रगढ़) के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) नीलम कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर पौधारोपण किया और अभियान का शुभारंभ किया।
सीजेएम नीलम कुमारी ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प दिलाते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है तथा सभी को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान नीलम कुमारी ने शांति कुंज अनाथ एवं बेसहारा आश्रम का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आश्रम की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने आश्रम में संचालित सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बेसहारा, निराश्रित और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा मानवीय धर्म है तथा ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
इस अवसर पर आईसीटीएम सोशल फाउंडेशन के संस्थापक एवं आश्रम संचालक पवन राठौड़ मोड़ी ने संस्था द्वारा वर्षों से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति अभियान, वृक्षारोपण, बेसहारा लोगों की सेवा, महिला सशक्तिकरण तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया और भविष्य की योजनाओं से भी अवगत कराया।



