पानीपत | सड़क निर्माण में देरी पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा : एशिया की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट का रास्ता किया बंद
पानीपत में व्यापारियों ने सड़क निर्माण में देरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्षद पति ने समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।

पानीपत। एशिया की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट में सड़क निर्माण में हो रही देरी और जलभराव की समस्या से नाराज व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य सड़क को बंद कर दिया। सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही संबंधित वार्ड के पार्षद पति आशु सैनी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद व्यापारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर रास्ता खोल दिया।
व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। पिछले करीब एक सप्ताह से सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे बदबू फैल रही है और ग्राहकों ने भी मार्केट में आना कम कर दिया है। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। 
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। मजबूरी में उन्हें सड़क बंद कर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा, ताकि प्रशासन उनकी समस्या पर गंभीरता से ध्यान दे। 
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पार्षद पति आशु सैनी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही ठेकेदार को बुलाकर निर्माण कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई तक अग्रसेन चौक से हनुमान मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
आश्वासन मिलने के बाद व्यापारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर सड़क खोल दी। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।
