नारनौल | हर संस्थान में होंगे माय भारत नोडल अधिकारी व ब्रांड एम्बेसडर : युवाओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण के निर्देश | एडीसी ने की कार्यक्रम की समीक्षा

नारनौल। जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में अब 'माय भारत' नोडल अधिकारी और ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किए जाएंगे। अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण 'माय भारत' पोर्टल पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न अवसरों और कार्यक्रमों का लाभ उठा सकें।
मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में 'माय भारत' पोर्टल पर युवाओं के पंजीकरण में तेजी लाना, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न विभागों की ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करना तथा युवाओं की अधिकतम भागीदारी बढ़ाना रहा। 
एडीसी ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिए कि वर्तमान में चल रहे विशेष पंजीकरण अभियान को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाए। साथ ही युवाओं को स्वतंत्रता दिवस क्विज़ और "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय में एक 'माय भारत' नोडल अधिकारी तथा एक ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त करना अनिवार्य होगा। सभी संस्थानों को निर्धारित समयावधि के भीतर नियुक्त अधिकारियों एवं ब्रांड एम्बेसडरों की सूची 'माय भारत' कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सरकारी विभागों को भी 'माय भारत' पोर्टल पर ऑनबोर्ड होकर अपनी योजनाओं और कार्यक्रमों को युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए कहा गया।
बैठक में जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव ने 'माय भारत' पोर्टल पर उपलब्ध स्वयंसेवा, इंटर्नशिप, नेतृत्व विकास, प्रतियोगिताओं, सामुदायिक भागीदारी तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पोर्टल पर "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान और स्वतंत्रता दिवस क्विज़ संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
बैठक के दौरान एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स तथा अन्य युवा संगठनों को भी 'माय भारत' पोर्टल से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में सीईओ जिला परिषद निर्मल नागर, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. अमित चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी विशेश्वर कौशिक, डीआईओ प्रशांत कुमार, जिला खेल अधिकारी नरेंद्र कुंडू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



