महेंद्रगढ़ | हर माह जनसुनवाई दिवस आयोजित करने की मांग : पुनीत बुलान बोले-एक ही स्थान पर सुनी जाएं आमजन की समस्याएं | प्रशासन को सौंपा सुझाव
पुनीत बुलान ने जिला प्रशासन से हर महीने जनसुनवाई दिवस आयोजित करने की मांग की है, जिससे नागरिकों की समस्याओं का समाधान हो सके।

महेंद्रगढ़। पूर्व जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस महेंद्रगढ़ पुनीत बुलान ने जिला प्रशासन से प्रत्येक माह नियमित रूप से जनसुनवाई दिवस आयोजित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे उनका समय, धन और श्रम तीनों व्यर्थ होते हैं।
पुनीत बुलान ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान एक संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन की पहचान है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर जनसुनवाई दिवस आयोजित किया जाए, जिसमें सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की शिकायतें सुनें और उनके समाधान के लिए समय-सीमा तय करें।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई दिवस के दौरान विशेष रूप से पात्र बीपीएल परिवारों के राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। कई पात्र परिवार तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों के चलते सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं, इसलिए ऐसी समस्याओं के लिए सरल, पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।
पुनीत बुलान ने कहा कि यदि सभी विभाग एक ही मंच पर आमजन की शिकायतें सुनेंगे तो लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे प्रशासनिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनेगी तथा शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी। साथ ही आम नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई दिवस केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे समयबद्ध समाधान का प्रभावी माध्यम बनाया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि प्रत्येक माह नियमित रूप से जनसुनवाई दिवस आयोजित किया जाता है तो आमजन को बड़ी राहत मिलेगी और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।



