अटेली | मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस सक्रिय : हर पात्र मतदाता का नाम जोड़ने पर जोर | 14 जुलाई से पहले बीएलओ से फॉर्म भरवाने की अपील
कांग्रेस पार्टी ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए विशेष प्रयास किए हैं। जानिए ब्लॉक अध्यक्ष राव सुमेर सिंह की अपील।

अटेली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अटेली विधानसभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राव सुमेर सिंह ने कहा कि पार्टी का प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी प्रकार का गलत या फर्जी नाम सूची में शामिल न हो।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए राव सुमेर सिंह ने बताया कि वर्तमान में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर नजर बनाए हुए हैं ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल हों और किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। 
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के निर्देशों पर अटेली विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
राव सुमेर सिंह ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और प्रत्येक व्यक्ति को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। किसी भी प्रकार का दबाव या जबरदस्ती लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने अटेली विधानसभा क्षेत्र के अनेक बीएलओ से मुलाकात कर मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा सही और गलत प्रविष्टियों के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की।
उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे 14 जुलाई से पहले अपने-अपने बूथ के बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रपत्र भरवाएं, ताकि समय रहते उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो सके। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि निकलने के बाद मतदाताओं को निर्वाचन कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं।



