यमुनानगर | भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में 15 जुलाई को निकलेगी किसान मोटरसाइकिल यात्रा : डीसी को सौंपेंगे ज्ञापन | 21 जुलाई की महापंचायत की तैयारियां तेज
किसान संगठनों ने 'देश बचाओ मोर्चा' का गठन किया, 15 जुलाई को मोटरसाइकिल यात्रा निकालने का निर्णय लिया।

यमुनानगर। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के ब्लॉक छछरौली एवं प्रताप नगर की संयुक्त बैठक रविवार को छछरौली स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार और प्रताप नगर ब्लॉक प्रधान जगतार सिंह ने की। बैठक में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) और शहीद भगत सिंह यूनियन के पदाधिकारियों एवं किसानों ने भाग लिया।
बैठक में देश के विभिन्न किसान संगठनों द्वारा गठित "देश बचाओ मोर्चा" के आह्वान पर भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील का विरोध करने का निर्णय दोहराया गया। किसान नेताओं का कहना है कि यदि कृषि उत्पादों के आयात पर अमेरिका को बिना शुल्क या रियायतें दी जाती हैं तो इसका सीधा असर देश के किसानों पर पड़ेगा और कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान होगा।
किसान नेताओं ने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर 15 जुलाई को पूरे देश में मोटरसाइकिल यात्राएं निकाली जाएंगी। यमुनानगर जिले में भी किसान गांव-गांव से मोटरसाइकिल रैली निकालते हुए कैल कचरा प्लांट पहुंचेंगे, जहां से जिले के सभी किसान एकजुट होकर उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
बैठक में 21 जुलाई को दिल्ली के किसान घाट पर आयोजित होने वाली किसान महापंचायत को सफल बनाने की रणनीति भी बनाई गई। महापंचायत में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के जिला प्रधान संजू गुंदियाना, शहीद भगत सिंह यूनियन के जिला प्रधान जसप्रीत सिंह गलोली, किरण पाल, बलदेव, नरेश, हुकम सिंह, युवा ब्लॉक अध्यक्ष शुभम लेदी, रणबीर सिंह, नैब सिंह, पारुल राणा, कुलदीप सिंह, गुरजोत सिंह, राजेश, सुरेश पाल, भागु माजरा, रामजी लाल, गुरदीप सिंह, गुरजीत सिंह, सतवीर सिंह, शिव कुमार, कुलवीर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



