सतनाली | गुरुग्राम में हाईकोर्ट बेंच की मांग : पूर्व विधायक राव दान सिंह ने सीजेआई को लिखा पत्र | टावर ऑफ जस्टिस लोकार्पण पर घोषणा की जताई उम्मीद
पूर्व विधायक राव दान सिंह ने सीजेआई से गुरुग्राम में हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग की है। 'टावर ऑफ जस्टिस' के उद्घाटन पर सकारात्मक घोषणा की उम्मीद।

सतनाली | महेन्द्रगढ़ से पूर्व विधायक राव दान सिंह ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत को पत्र लिखकर गुरुग्राम में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 12 जुलाई को गुरुग्राम में बनने जा रहे अत्याधुनिक 'टावर ऑफ जस्टिस' के लोकार्पण समारोह के दौरान इस लंबे समय से लंबित मांग पर सकारात्मक घोषणा हो सकती है।
सीजेआई को संबोधित पत्र में राव दान सिंह ने गुरुग्राम को देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में से एक बताते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का प्रमुख केंद्र तथा हरियाणा की आर्थिक राजधानी बन चुका है। इसके बावजूद न्यायिक कार्यों के लिए लोगों को चंडीगढ़ स्थित पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ती है। 
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में हाईकोर्ट बेंच स्थापित होने से गुरुग्राम के साथ-साथ रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह, नारनौल, पलवल, फरीदाबाद, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, भिवानी, चरखी दादरी सहित दक्षिण एवं मध्य हरियाणा के लाखों लोगों को राहत मिलेगी। इससे आम नागरिकों की न्याय तक आसान और त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी।
राव दान सिंह ने पत्र में उल्लेख किया कि गुरुग्राम देश का प्रमुख औद्योगिक और कॉर्पोरेट हब है, जहां हजारों उद्योग एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियां कार्यरत हैं। ऐसे में कॉर्पोरेट विवादों और वाणिज्यिक मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए हाईकोर्ट बेंच की स्थापना समय की आवश्यकता है। इससे निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा और उद्योग जगत को भी बड़ा लाभ मिलेगा। 
उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 'टावर ऑफ जस्टिस' का निर्माण न्यायिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यदि इसी अवसर पर हाईकोर्ट बेंच की घोषणा होती है तो यह दक्षिण हरियाणा के लिए ऐतिहासिक निर्णय साबित होगा। साथ ही चंडीगढ़ स्थित हाईकोर्ट पर मामलों का दबाव भी कम होगा और न्यायिक व्यवस्था अधिक प्रभावी व सुगम बनेगी।
पत्र में राव दान सिंह ने सीजेआई सूर्यकांत का गुरुग्राम आगमन पर स्वागत करते हुए लिखा कि 'टावर ऑफ जस्टिस' का उद्घाटन न्यायपालिका और आम नागरिकों के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि अब हाईकोर्ट बेंच के संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा उपलब्ध है, इसलिए यह घोषणा करने का इससे बेहतर अवसर नहीं हो सकता।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि न्यायपालिका और केंद्र सरकार जनभावनाओं तथा हरियाणा की बढ़ती आर्थिक, औद्योगिक एवं जनसंख्या संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए गुरुग्राम में हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर सकारात्मक निर्णय लेंगी।



