Bhiwani News | पूर्व CM बनारसी दास गुप्ता की 19वीं पुण्यतिथि : हवन कर दी श्रद्धांजलि | 50 यूनिट रक्तदान | महिला शिक्षा में योगदान को किया याद

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बनारसी दास गुप्ता की 19वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को भिवानी में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उनकी स्मृति में आर्य समाजी पद्धति से वैदिक हवन यज्ञ किया गया। इस दौरान उनके समाज सेवा, महिला शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता की स्मृति में वैश्य महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई और लायंस क्लब भिवानी सिटी के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गोयल के मुताबिक शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और करीब 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

डॉ. संजय गोयल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के सेवा भाव और उनके पदचिह्नों पर चलने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना या बीमारी के दौरान रक्त की कमी के कारण किसी व्यक्ति का जीवन प्रभावित न हो, इसके लिए युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने एनएसएस और एनसीसी स्वयंसेवकों को जरूरत के समय रक्तदान के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे अजय गुप्ता ने अपने पिता के जीवन मूल्यों और महिला सशक्तिकरण को लेकर उनकी सोच को याद किया। उन्होंने कहा कि 70 के दशक में ही बनारसी दास गुप्ता ने बेटियों की शिक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास शुरू किए थे। भिवानी का आदर्श महिला महाविद्यालय इसी सोच का प्रमुख उदाहरण है।
अजय गुप्ता ने कहा कि उस दौर में बालिकाओं के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने के साथ महिलाओं को समाज में बराबरी का अधिकार दिलाने की दिशा में भी काम किया गया। उन्होंने तत्कालीन राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आपसी सौहार्द और विश्वास का जिक्र करते हुए युवा पीढ़ी से राष्ट्रप्रेम की भावना अपनाने और अलग-अलग कौशल सीखकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ ने भी रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और पूर्व मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उनका जीवन सादगी और जनसेवा के लिए समर्पित रहा तथा उन्होंने भिवानी के विकास और समाज के जरूरतमंद वर्गों के उत्थान की दिशा में काम किया।
विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि बनारसी दास गुप्ता ने कन्या भ्रूण हत्या और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि आज युवा और एनएसएस स्वयंसेवक रक्तदान जैसे सेवा कार्यों से जुड़कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रमों में मौजूद लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री के सामाजिक और राजनीतिक जीवन को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके समाज सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।



