Faridabad News | होटल बुकिंग के नाम पर 84 हजार की ठगी : फर्जी वेबसाइट से बनाया शिकार | 4 कॉलर समेत 7 गिरफ्तार

अंडमान में होटल बुकिंग कराने के नाम पर सेक्टर-78 निवासी महिला से 84 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों में चार कॉलर और फर्जी वेबसाइट व तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने वाला आरोपी भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल, जय बिष्ट, विशाल, अंकुर, विक्रम, पुनीत सक्सेना और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने इन्हें गाजियाबाद, हरिद्वार और हापुड़ से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-78 निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि 16 जून को उसने अंडमान में होटल बुकिंग के लिए इंटरनेट पर सर्च किया था। इस दौरान उसे PACIFIC HOLIDAYS INDIA नाम से एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म दिखाई दिया। वहां दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद कथित ठगों ने होटल बुकिंग कराने का भरोसा देकर उसे अपने झांसे में ले लिया।
आरोप है कि होटल बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर महिला से अलग-अलग माध्यमों से कुल 84 हजार रुपये एक बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए गए। बाद में महिला को ठगी का पता चला तो उसने पुलिस में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए सबसे पहले राहुल को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि राहुल कथित गिरोह के लिए फर्जी वेबसाइट के साथ तकनीकी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराता था। पुलिस के अनुसार राहुल बीकॉम और एलएलबी उत्तीर्ण है।
बैंक खाते की जांच के आधार पर पुलिस जय बिष्ट तक पहुंची। पुलिस का दावा है कि महिला से ठगे गए 84 हजार रुपये जय बिष्ट के बैंक खाते में पहुंचे थे। जांच में सामने आया कि यह खाता उसकी साली ने लेकर अपने पति विक्रम को उपलब्ध कराया था।
पुलिस पूछताछ में विक्रम को गिरोह का मुख्य सरगना बताया गया है। पुलिस के अनुसार उसने गाजियाबाद के मरियम नगर क्षेत्र में एक कमरा किराए पर लिया हुआ था। आरोप है कि इसी कमरे में विक्रम, विशाल, अंकुर और पुनीत सक्सेना मिलकर कॉलिंग करते थे और ऑनलाइन होटल बुकिंग कराने के नाम पर लोगों से संपर्क करते थे।
पुलिस का दावा है कि कॉलिंग के दौरान लोगों को होटल बुकिंग का भरोसा देकर रकम बैंक खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी। इसी जांच के आधार पर पुलिस ने मामले से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पूरे नेटवर्क के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन होटल या टूर पैकेज बुक करते समय वेबसाइट और प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि इंटरनेट सर्च में दिखाई देने वाले मोबाइल नंबर या वेबसाइट पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और किसी संदिग्ध व्यक्ति के कहने पर जल्दबाजी में रकम ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत की जा सकती है।



