Faridabad News | युवती का अपहरण कर लूट का आरोपी गिरफ्तार : ईको गाड़ी में ले जाने का आरोप | सोने का लॉकेट बरामद

आईएमटी चौक क्षेत्र से एक युवती का ईको गाड़ी में अपहरण कर मारपीट और उसके गले से सोने का लॉकेट लूटने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव खेड़ी कलां निवासी योगेश नरवत उर्फ पंडित जी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से वारदात में इस्तेमाल ईको गाड़ी और लूटा गया सोने का लॉकेट बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 10 अगस्त की शाम गांव चंदावली के पास आईएमटी चौक क्षेत्र से एक युवती को एक ईको गाड़ी चालक कथित तौर पर अपनी गाड़ी में ले गया था। आरोप है कि गाड़ी में युवती के साथ मारपीट की गई और उसके गले से सोने का लॉकेट/कंठी लूट ली गई। युवती की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-65 को सौंपी गई। प्रभारी जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक कप्तान सिंह, मुख्य सिपाही महेंद्र, सिपाही विनोद और सिपाही दीपेंद्र की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस के मुताबिक योगेश नरवत को 20 अगस्त को गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान अदालत के आदेश पर 24 अगस्त को आरोपी की शिनाख्त परेड कराई गई। इसके बाद पुलिस ने वारदात से जुड़े सामान की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई की। 27 अगस्त को आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस का दावा है कि आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ईको गाड़ी और युवती से लूटा गया सोने का लॉकेट/कंठी बरामद किया गया। मामले से जुड़ी एक बीयर की बोतल भी बरामद की गई है। पूछताछ और बरामदगी की कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2025 में थाना तिगांव क्षेत्र में दर्ज लूट के एक मामले में भी आरोपी का नाम है। इसके अलावा वर्ष 2020 में थाना खेड़ीपुल में उसके खिलाफ गृहभेदन का मामला दर्ज बताया गया है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



