अटेली | सरकारी स्कूल में लगा कानूनी जागरूकता शिविर : सीजेएम नीलम कुमारी ने बच्चों को सिखाए गुड टच-बैड टच और आत्मरक्षा के गुर | पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
अटेली के सरकारी स्कूल में कानूनी जागरूकता कैंप आयोजित, बच्चों को 'गुड टच-बैड टच' और आत्मरक्षा के टिप्स दिए गए।

अटेली । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) नीलम कुमारी की उपस्थिति में राजकीय प्राथमिक पाठशाला अटेली में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान सीजेएम नीलम कुमारी ने स्कूली बच्चों से सरल और आत्मीय भाषा में संवाद करते हुए उन्हें 'गुड टच-बैड टच' के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को आत्मरक्षा और सतर्कता के महत्वपूर्ण उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध या असहज स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।
उन्होंने बच्चों को पॉक्सो एक्ट के प्रमुख प्रावधानों और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही बच्चों को सामाजिक रूप से जागरूक, आत्मविश्वासी और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया।
कानूनी जागरूकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। विद्यालय परिसर में चल रहे विशाल वृक्षारोपण अभियान के तहत सीजेएम नीलम कुमारी ने स्वयं पौधारोपण किया और विद्यार्थियों व स्कूल स्टाफ को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की आधारशिला है।



