अटेली | रेलवे स्टेशन पर वन महोत्सव : एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
अटेली रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया।

अटेली। पर्यावरण संरक्षण और हरित अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अटेली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर वरिष्ठ नागरिकों की ओर से वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के प्रवक्ता विजय कुमार ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी लोगों से अपने जीवन में कम से कम "एक पेड़ मां के नाम" लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। 
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्टेशन अधीक्षक का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने पौधारोपण के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया। इस अवसर पर अटेली मंडी के अनेक वरिष्ठ नागरिकों और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण यह रही कि मदन लाल गुप्ता ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी की स्मृति में एक पौधा लगाया। इसके साथ ही उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर एक सीमेंट की बेंच भी भेंट की।
वक्ताओं ने कहा कि रेलवे स्टेशन सार्वजनिक स्थल है। यदि सभी नागरिक मिलकर यहां पौधारोपण करें और उनकी देखभाल करें, तो भविष्य में यात्रियों को छाया मिलेगी, पर्यावरण संरक्षित होगा और स्टेशन की सुंदरता भी बढ़ेगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सुगनचंद सैनी, पार्षद वीरेंद्र कुमार, पार्षद परमेश्वर दयाल अग्रवाल, अनिल कुमार गुप्ता, मुख्य अध्यापक अजय कुमार, हेडमास्टर सत्यवीर यादव, पूर्व स्टेशन मास्टर हीरालाल, प्राचार्य नेमी चंद गुप्ता, आरके टेलर, किशन सैनी, ऋषि राज वैद्य, बिल्लू गोयल, लवेश शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।



