अटेली | योग प्रतिभा का सम्मान : छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन पर किया सम्मानित
गुजरवास स्थित गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं का योग दिवस पर शानदार प्रदर्शन, सम्मानित किया गया।

अटेली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शानदार योग प्रदर्शन करने वाली गुजरवास राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय की छात्राओं को मंगलवार को विद्यालय परिसर में सम्मानित किया गया। छात्राओं ने 21 जून को स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के अटेली स्थित कार्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया था।
कार्यक्रम में छात्राओं रिया, शगुन, आरजू, अभी और महक ने विभिन्न योग आसनों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया था, जिसकी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के सम्मान में विद्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया।
समाजसेवी तेज प्रकाश ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के लिए भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों में योग के प्रति रुचि विकसित करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
विद्यालय के प्राचार्य रोशन लाल ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय की बेटियों ने योग के माध्यम से संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
सरपंच प्रतिनिधि सीएस वर्मा ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं योग गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर योगाचार्य ओम प्रकाश आर्य तिगरा, एमपीएचडब्ल्यू हरीश तथा विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।



