नारनौल | जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. रितु वाई.के. बहल ने किया पौधारोपण : पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
डॉ. रितु वाई.के. बहल ने नारनौल में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया।

नारनौल। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सुभाष पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. रितु वाई.के. बहल ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी, एसडीएम अनिरुद्ध यादव, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, योगा ग्रुप तथा वरिष्ठ नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. रितु वाई.के. बहल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और जैव विविधता की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहें, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नितिन राज, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) जतिन गुजराल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विक्रमजीत सिंह, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) मुकेश कुमार, वंदना, निशा, गौरव, राकेश, आदित्य सिंह, बार प्रधान संतोख यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। 



