नारनौल | पेपरलेस रजिस्ट्री पर डीसी की सख्ती : शनिवार-रविवार भी खुलेगा राजस्व विभाग
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने राजस्व विभाग की बैठक में पेपरलेस रजिस्ट्री पर जोर दिया। विभाग शनिवार-इतवार को भी काम करेगा।

नारनौल | उपायुक्त अनुपमा अंजली ने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्रेशन मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इससे जुड़े सभी लंबित कार्यों का जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जाए। बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिला पेपरलेस रजिस्ट्रेशन परियोजना पर गंभीरता से कार्य कर रहा है और वर्तमान में 48 घंटे के भीतर पेपरलेस रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस परियोजना की जल्द समीक्षा प्रस्तावित है, इसलिए सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
उन्होंने बताया कि ऑटो म्यूटेशन के कार्य में महेंद्रगढ़ ने पूरे हरियाणा में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि को और बेहतर बनाने तथा आमजन को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्व विभाग इस बार शनिवार और रविवार को भी कार्य करेगा। इन दोनों दिनों में लंबित इंतकाल और म्यूटेशन के मामलों का विशेष अभियान चलाकर निपटारा किया जाएगा।
बैठक में हरियाणा लार्ज स्केल मैपिंग प्रोजेक्ट, आधार सीडिंग, डिजिटल क्रॉप सर्वे, भूमि विभाजन तथा नक्शा परियोजना सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, डीएमसी रणवीर सिंह, जिला राजस्व अधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



