नूंह | सड़क पर मौत का खेल : वायरल स्टंट के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन | थार-ट्रैक्टर जब्त | दोनों चालक हिरासत में
नूंह में थार और ट्रैक्टर के बीच ताकत आजमाने का खतरनाक स्टंट हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर चालकों को हिरासत में लिया।

नूंह। फिरोजपुर झिरका खंड के रीगड़-अगोन रोड पर बीच सड़क थार और ट्रैक्टर को लोहे की चेन से बांधकर ताकत आजमाने का सनसनीखेज मामला अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टंट में इस्तेमाल की गई थार और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। दोनों चालकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 
यह मामला तब चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक थार और ट्रैक्टर को लोहे की मजबूत चेन से आमने-सामने बांधकर सार्वजनिक सड़क पर ताकत आजमाते हुए देखा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों चालकों के बीच यह चुनौती थी कि आखिर ज्यादा ताकतवर कौन है—थार या ट्रैक्टर। इसी चुनौती को साबित करने के लिए सड़क को ही स्टंट का अखाड़ा बना दिया गया।
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि दोनों वाहन पूरी ताकत से एक-दूसरे को खींचने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ ही क्षणों बाद ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यदि उसी समय कोई राहगीर, बाइक सवार या अन्य वाहन वहां से गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। 
वायरल वीडियो में कई लोग सड़क किनारे खड़े होकर पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते नजर आए, लेकिन किसी ने भी इस खतरनाक स्टंट को रोकने की कोशिश नहीं की। जिस सड़क पर यह शक्ति प्रदर्शन किया गया, वहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ऐसे में यह स्टंट केवल कानून का उल्लंघन ही नहीं, बल्कि आम लोगों की जान को जोखिम में डालने वाली हरकत भी साबित हुआ।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद सदर थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टंट में इस्तेमाल की गई थार और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। जांच के दौरान थार चालक की पहचान अनवर पुत्र अब्दुल निवासी हसनपुर बिलोंडा तथा ट्रैक्टर चालक की पहचान शाहिद पुत्र नूर मोहम्मद निवासी अगोन के रूप में हुई। दोनों चालकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सदर थाना फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह का स्टंट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क पर शक्ति प्रदर्शन या स्टंट करने से बचें, क्योंकि ऐसी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे और जान-माल के नुकसान का कारण बन सकती है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में लोग अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से भी नहीं हिचक रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



