अटेली। फतेहपुर सरपंच उपचुनाव : सीमा देवी की बड़ी जीत | 79.5 फीसदी मतदान के बीच 157 वोटों से दर्ज की जीत
अटेली। खंड के गांव फतेहपुर में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। चुनाव में दो महिला प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला रहा, जिसमें साइकिल चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरी सीमा देवी ने शानदार जीत हासिल की। सीमा देवी ने कुल 572 वोट प्राप्त कर अपनी प्रतिद्वंद्वी सुमन देवी […]

अटेली। खंड के गांव फतेहपुर में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। चुनाव में दो महिला प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला रहा, जिसमें साइकिल चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरी सीमा देवी ने शानदार जीत हासिल की। सीमा देवी ने कुल 572 वोट प्राप्त कर अपनी प्रतिद्वंद्वी सुमन देवी को 157 मतों से पराजित किया। सुमन देवी, जो गिलास चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रही थीं, को 415 वोट मिले। वहीं 4 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।
गांव में कुल 1247 मतदाता थे, जिनमें 646 पुरुष और 601 महिला मतदाता शामिल थे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चला। कुल 991 मत पड़े, जिससे मतदान प्रतिशत करीब 79.5 फीसदी दर्ज किया गया। मतदान समाप्त होते ही केंद्र पर मतगणना शुरू की गई और देर शाम परिणाम घोषित कर दिए गए।
उपचुनाव को लेकर गांव में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा। दोनों प्रत्याशियों के समर्थक सुबह से ही मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में जुटे रहे। प्रशासन की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और गश्ती दल लगातार निगरानी करते रहे ताकि मतदाता बिना किसी दबाव, डर या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जानकारी के अनुसार सरपंच पद के लिए शुरुआत में पांच महिलाओं ने नामांकन किया था, लेकिन बाद में तीन प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए थे। इसके बाद मुकाबला पूर्व सरपंच परिवार से जुड़ी सीमा देवी और रामप्रताप मुनीम की पुत्रवधू सुमन देवी के बीच रह गया था। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दोनों पक्षों ने गांव में घर-घर जाकर वोट मांगे।
गौरतलब है कि पूर्व सरपंच मोनिका के सरकारी नौकरी में चयन होने के बाद पद से इस्तीफा देने के कारण यह उपचुनाव कराया गया था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सीमा देवी समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।



