यमुनानगर | प्रतिबंधित दवाइयों की तस्करी का खुलासा : एंटी नारकोटिक सेल ने एक और आरोपी दबोचा
एंटी नारकोटिक सेल ने प्रतिबंधित दवाइयों की तस्करी के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अन्य आरोपियों का खुलासा हुआ है।

यमुनानगर। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने प्रतिबंधित दवाइयों की तस्करी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
एंटी नारकोटिक सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि 19 जून को टीम ने वीना नगर कैंप निवासी चंद्रपाल को 720 प्रतिबंधित दवाइयों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में चंद्रपाल ने खुलासा किया कि वह ये दवाइयां उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव महमूदपुर सैदमाजरा निवासी मोहम्मद शाहरून से लेकर आया था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शाहरून को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि प्रतिबंधित दवाइयां उसे उत्तर प्रदेश के बोहरा खुर्द निवासी मोहम्मद अब्बास उपलब्ध कराता था। इस खुलासे के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अब्बास को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद अब्बास मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) का कार्य करता है। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान उससे प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी और प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



