यमुनानगर | नशा तस्करी पर अपराध शाखा की बड़ी कार्रवाई : दो आरोपी गिरफ्तार
अपराध शाखा -1 ने नशा तस्करी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानें विस्तृत जानकारी।

यमुनानगर। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में अपराध शाखा-1 की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर नशा तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
अपराध शाखा-1 के प्रभारी राजकुमार ने बताया कि उप निरीक्षक कपिल की टीम ने 2 जुलाई को कांजनू गांव से अक्षय को 272 ग्राम हेरोइन (स्मैक) सहित गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान अक्षय ने खुलासा किया कि वह यह नशीला पदार्थ उत्तर प्रदेश के तिगरी रामगढ़ निवासी अफसर से लेकर आया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अफसर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के धंधे में सक्रिय था।
इसी अभियान के तहत अपराध शाखा-1 की टीम ने शादीपुर निवासी शाहरुख को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 2 जून को जठलाना निवासी अजमल खान को प्रतिबंधित दवाइयों के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह प्रतिबंधित दवाइयां शाहरुख से लेकर आता था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधित दवाइयों से संबंधित मामला दर्ज है। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



