फरीदाबाद | ट्रेडिंग के नाम पर रुपये 5.11 लाख की ठगी : मेरठ से दो आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद में ट्रेडिंग के नाम पर 5.11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

फरीदाबाद। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 5 लाख 11 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम तोमर और रवि कुमार, निवासी गांव धिकाना, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार दोनों आरोपी आपस में चचेरे भाई हैं। जांच में सामने आया कि उन्होंने खाताधारक सूर्यप्रताप का बैंक खाता राहुल के माध्यम से लेकर आगे गुरुग्राम में उपलब्ध कराया था। ठगी के 2 लाख रुपये सूर्यप्रताप के खाते में ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-21डी निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 10 जून 2025 को उसे टेलीग्राम पर एक लिंक प्राप्त हुआ, जिसमें निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। आरोपियों ने स्वयं को अमेज़न से जुड़ा बताते हुए महिला को ऑनलाइन टास्क पूरा करने और निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
महिला ने शुरुआत में 25 हजार रुपये निवेश किए। इसके बाद अधिक लाभ का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 5 लाख 11 हजार रुपये जमा करवा लिए गए। हालांकि निवेश की गई राशि वापस नहीं मिली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों की कड़ियां जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को मेरठ से गिरफ्तार किया। पुलिस अब रिमांड के दौरान ठगी के पूरे नेटवर्क, अन्य आरोपियों और रकम के लेनदेन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, टेलीग्राम ग्रुप या सोशल मीडिया पर निवेश के नाम पर मिलने वाले ऑफरों पर भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं।



