फरीदाबाद | नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी : अपराध शाखा ने एक और आरोपी दबोचा
फरीदाबाद में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में अपराध शाखा ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है।

फरीदाबाद। अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतीक कुमार निवासी राजनगर पार्ट-1, पालम कॉलोनी, दिल्ली (हाल निवासी राजनगर पार्ट-2, दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 6 जुलाई को उसके दिल्ली स्थित निवास से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रतीक कुमार ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दिल्ली में ठेकेदारी पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी की। जांच के दौरान पता चला कि ठगी की रकम में से 3 लाख 56 हजार रुपये प्रतीक कुमार के खाते में आए थे।
पुलिस के अनुसार इस मामले में आकाश, प्रवेश, सन्नी और गुड्डू नामक चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब प्रतीक कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे गिरोह की गतिविधियों और ठगी की रकम के लेन-देन की जांच कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद के ददसिया निवासी संजीत कुमार की शिकायत पर 18 मार्च को थाना एसजीएम नगर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी आकाश और उसके साथियों ने वर्ष 2023-24 के दौरान शिकायतकर्ता के साले को नौकरी दिलाने के नाम पर 3 लाख 14 हजार रुपये ठग लिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कई अन्य लोगों को नौकरी का झांसा देकर 31 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।
फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों, ठगी की रकम और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।



