फतेहाबाद | नई सड़क के बीच छोड़ा पेड़ : भूना-ढाणी सांचला रोड पर हादसे का खतरा बढ़ा
फतेहाबाद | जिले के भूना क्षेत्र में नई बनी भूना-ढाणी सांचला सड़क पर निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क के बीचों-बीच एक पेड़ छोड़ दिया गया है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। खास बात यह है कि जिस स्थान पर पेड़ मौजूद है, वहीं सड़क पर मोड़ भी बना हुआ […]

फतेहाबाद | जिले के भूना क्षेत्र में नई बनी भूना-ढाणी सांचला सड़क पर निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क के बीचों-बीच एक पेड़ छोड़ दिया गया है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। खास बात यह है कि जिस स्थान पर पेड़ मौजूद है, वहीं सड़क पर मोड़ भी बना हुआ है। ऐसे में रात के समय या तेज रफ्तार में गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क के कुछ हिस्से का निर्माण कार्य एक दिन पहले ही पूरा हुआ है। सड़क बनने के बाद जब लोगों ने यहां से आवाजाही शुरू की तो बीच सड़क में खड़े पेड़ को देखकर हैरानी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग ने इस गंभीर समस्या की अनदेखी की है।
ग्रामीण प्रवीण कुमार, विकास कुमार, कृष्ण कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि मोड़ होने के कारण सामने से आने वाला वाहन अचानक दिखाई देता है। ऐसे में बीच सड़क में खड़ा पेड़ वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। उनका कहना है कि हल्की सी चूक बड़े हादसे में बदल सकती है।
हालांकि पेड़ पर चेतावनी के तौर पर टेप लगाई गई है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि यह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द पेड़ हटाने या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
वहीं गांव के सरपंच राजेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क का निर्माण जिला परिषद की ओर से करवाया गया है। पेड़ काटने के लिए वन विभाग से अनुमति मांगी गई थी, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद और ग्राम पंचायत दोनों की ओर से इस संबंध में पत्र भेजे जा चुके हैं।



