महेंद्रगढ़ | महाराणा प्रताप जयंती पर श्रद्धांजलि : विधायक कंवर सिंह यादव ने युवाओं को दिए प्रेरणा के संदेश
महेंद्रगढ़। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर महेंद्रगढ़ में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर स्थानीय विधायक कंवर सिंह यादव ने महाराणा प्रताप चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा […]

महेंद्रगढ़। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर महेंद्रगढ़ में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर स्थानीय विधायक कंवर सिंह यादव ने महाराणा प्रताप चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के महान वीर योद्धा थे, जो स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन मातृभूमि, धर्म और सम्मान की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का त्याग, संघर्ष और वीरता आज भी युवाओं को देशभक्ति और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है। विधायक ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक राजा नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव और स्वाभिमान की जीवंत मिसाल थे, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि देश और समाज के लिए समर्पित महापुरुषों का सम्मान करना भारतीय संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही मजबूत और विकसित राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर ठाकुर अतरलाल और रतन सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि महापुरुषों के आदर्श हमें ईमानदारी, साहस, सामाजिक एकता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से समाज और देशहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विष्णु पाली, राजकुमार शेखावत, रणधीर सिंह आदलपुर, मोनू खुड़ाना, हैप्पी खुड़ाना, दिनेश बांस सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



