कनीना। एसडीएम ने बूथों का किया औचक निरीक्षण : बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ हुए सम्मानित | 14 जुलाई तक सभी फॉर्म अपलोड करने के निर्देश
कनीना। अटेली विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह अहलावत ने विभिन्न गांवों के मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण […]

कनीना। अटेली विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह अहलावत ने विभिन्न गांवों के मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया गया, जबकि धीमी गति से कार्य करने वाले कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी गई।
एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह अहलावत ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अभियान को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान बूथ नंबर-35 (कोटिया) के बीएलओ राकेश कुमार ने 1,169 में से 952 फॉर्म भरकर वेबसाइट पर अपलोड किए, जिसके चलते वे पूरी अटेली विधानसभा में प्रथम स्थान पर रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसडीएम ने उन्हें सम्मानित किया।
इसी प्रकार बूथ नंबर-49 (उन्हाणी) के बीएलओ पवन कुमार ने 1,275 में से 941 फॉर्म अपलोड कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। समयबद्ध और बेहतर कार्य के लिए उन्हें भी सम्मानित किया गया।
एसडीएम ने बताया कि अटेली विधानसभा के सभी 215 बूथों के बीएलओ को 14 जुलाई तक अपने-अपने क्षेत्र के सभी मतदाताओं के फॉर्म वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को आगे भी सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने सभी बीएलओ से पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



