नारनौल | सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की तैयारियां तेज : एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने लिया आयोजन स्थलों का जायजा | 11 मई को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
नारनौल | एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर आयोजन स्थलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र गौरव से जुड़ा ऐतिहासिक आयोजन है। ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई […]

नारनौल | एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर आयोजन स्थलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र गौरव से जुड़ा ऐतिहासिक आयोजन है। ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने बताया कि 11 मई को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम के तहत श्री गोपाल गौशाला से मोडावाला शिव मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
एसडीएम ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान गुजरात में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि जिले के लोग राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि उपायुक्त अनुपमा अंजली के मार्गदर्शन में कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से डिजिटल और जमीनी स्तर पर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



