अटेली मंडी | धनुंदा अंडरपास क्षेत्र में गहराया पेयजल संकट : टैंकरों के सहारे लोग, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
अटेली मंडी | क्षेत्र के धनुंदा से अंडरपास तक बसे कस्बा वासी इन दिनों भीषण पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों वीरेंद्र सिंह, प्रमोद, […]

अटेली मंडी | क्षेत्र के धनुंदा से अंडरपास तक बसे कस्बा वासी इन दिनों भीषण पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों वीरेंद्र सिंह, प्रमोद, योगेश कुमार, सुमित यादव, महेश कुमार, भगवान सिंह, ओमप्रकाश, पिंकेश कुमार, पवन कुमार, तस्वीर सिंह, उदय भान, देवेंद्र कुमार, महेंद्र सिंह और गौरव शर्मा सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है।
कस्बा वासियों का कहना है कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए लगी लाइन काफी पुरानी हो चुकी है, जिसके कारण पर्याप्त मात्रा में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पानी की किल्लत के चलते लोग टैंकरों से पानी मंगवाकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
कस्बा वासियों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए और क्षेत्र में नियमित व पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।



