मंडी अटेली | विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष ग्राम सभा : गुजरवास को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प | उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
मंडी अटेली। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में गांव गुजरवास में सरपंच वर्षा रानी की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम सभा में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और ग्रामीणों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। सरपंच वर्षा रानी ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण […]

मंडी अटेली। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में गांव गुजरवास में सरपंच वर्षा रानी की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम सभा में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और ग्रामीणों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।
सरपंच वर्षा रानी ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। शुद्ध वायु, स्वच्छ जल और उपजाऊ भूमि के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, पौधों की देखभाल करने, एकल उपयोग प्लास्टिक का त्याग करने तथा वर्षा जल संचयन अपनाने का आह्वान किया।
नम्बरदार बीर सिंह, सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी मदन सिंह एवं पूर्व सरपंच पृथ्वी सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि ग्राम की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने पंचायत के निर्णयों का समर्थन करते हुए युवाओं से जल संरक्षण और वृक्षारोपण अभियान में आगे आने की अपील की।
ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने तथा पेयजल का अपव्यय करने वालों पर पंचायत द्वारा नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। उपस्थित ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने पर सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी मदन सिंह, रामकिशन चौहान और प्यारेलाल प्रजापति सहित सफाई कर्मचारियों, पंप ऑपरेटर्स एवं चौकीदारों को अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच ताराचंद, हविलदार कन्हैया लाल, राजबीर जागेदार, पंच पूजा बाई, पूनम, सोनू गोठवाल, बहादुर सिंह, ज्योति राजपूत, गीता सैन सहित स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, स्वच्छाग्राही एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



