रेवाड़ी। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग गांव-गांव पहुंचाकर मजबूत कर रहा संगठन : मनोज बागड़ी
रेवाड़ी। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मनोज बागड़ी आज रेवाड़ी पहुंचे, जहां जिला अध्यक्ष रमेश ठेकेदार के कार्यालय पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पगड़ी पहनाकर तथा फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए मनोज बागड़ी ने कहा कि अनुसूचित जाति विभाग पूरे हरियाणा में गांव-गांव […]

रेवाड़ी। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मनोज बागड़ी आज रेवाड़ी पहुंचे, जहां जिला अध्यक्ष रमेश ठेकेदार के कार्यालय पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पगड़ी पहनाकर तथा फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए मनोज बागड़ी ने कहा कि अनुसूचित जाति विभाग पूरे हरियाणा में गांव-गांव जाकर लोगों को कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों से अवगत करा रहा है और उन्हें पार्टी से जोड़ने का अभियान चला रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए विभाग लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और आने वाले समय में इस अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने रेवाड़ी जिला अध्यक्ष रमेश ठेकेदार और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अनुसूचित जाति विभाग जिले में प्रभावी ढंग से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की मेहनत स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के केंद्र सरकार को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज बागड़ी ने कहा कि राहुल गांधी जो भी कहते हैं, पूरी जिम्मेदारी और तथ्यों के आधार पर कहते हैं। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा। हाल ही में हुए निकाय चुनावों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सभी स्थानों पर पूरी मजबूती और दमदारी के साथ चुनाव लड़ा।
उन्होंने कहा कि हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा के समापन कार्यक्रम में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के शामिल न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का विषय है और इस पर वही बेहतर टिप्पणी कर सकते हैं।
वहीं, अनुसूचित जाति विभाग रेवाड़ी के जिला अध्यक्ष रमेश ठेकेदार ने प्रदेश अध्यक्ष मनोज बागड़ी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विभाग लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन की सक्रियता और मेहनत का ही परिणाम है कि अनुसूचित जाति विभाग से जुड़े कर्मबीर बौद्ध को कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा भेजकर सम्मान दिया है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष खूबराम सरपंच, मामराज, धरमबीर, भगत सिंह बौद्ध, महेंद्र सिंह यादव, हीरा सिंह, राजेंद्र सिंह, सचिन, सुदेश और इंद्रजीत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



