अटेली | डीटीपी की बड़ी कार्रवाई : दो एकड़ में विकसित अवैध कॉलोनी ध्वस्त | सड़क नेटवर्क भी उखाड़ा | बिना अनुमति निर्माण पर दी सख्त चेतावनी

अटेली। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग की टीम ने मंगलवार को अटेली के बाईपास रोड के निकट राजस्व संपदा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग दो एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जिला प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
कार्रवाई के दौरान विभाग ने अवैध कॉलोनी में निर्मित तीन डीपीसी, छह चारदीवारियां तथा दो निर्माणाधीन मकानों को जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा कॉलोनी में बनाए गए पूरे सड़क नेटवर्क को भी उखाड़ दिया गया, ताकि भविष्य में दोबारा अवैध निर्माण न किया जा सके।
जानकारी के अनुसार यह अभियान ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र कुमार, सहायक नगर योजनाकार तथा जिला नगर योजनाकार कार्यालय नारनौल की टीम द्वारा जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से चलाया गया।

जिला नगर योजनाकार नरेंद्र सिंह सिहाग ने कहा कि शहरी एवं नियंत्रित क्षेत्रों में विभागीय स्वीकृति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि भूमि का आवासीय या व्यावसायिक उपयोग करने से पहले नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग, चंडीगढ़ से आवश्यक लाइसेंस एवं अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट न खरीदें और बिना जांच-पड़ताल के निर्माण कार्य न कराएं। किसी भी कॉलोनी की वैधता, भूमि की स्थिति तथा निर्माण संबंधी स्वीकृतियों की जानकारी जिला नगर योजनाकार कार्यालय, नारनौल से प्राप्त की जा सकती है।
डीटीपी नरेंद्र सिंह सिहाग ने कहा कि जिले में अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



