अटेली | दोगड़ा अहीर में खुलेगा राजकीय नर्सिंग कॉलेज : स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने दी मंजूरी की जानकारी | ग्रामीण बेटियों को मिलेगा बड़ा लाभ

अटेली। हरियाणा सरकार ने महेंद्रगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गांव दोगड़ा अहीर में नया राजकीय नर्सिंग कॉलेज खोलने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि सरकार ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है और जल्द ही विभागीय प्रक्रिया शुरू कर कॉलेज की स्थापना का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। 
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि दोगड़ा अहीर और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण लंबे समय से नर्सिंग कॉलेज की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की इस मांग को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने इसे मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज के शुरू होने से महेंद्रगढ़ जिले के अनेक गांवों की बेटियों को अपने क्षेत्र में ही नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों के लिए यह संस्थान रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। नर्सिंग शिक्षा प्राप्त कर युवतियां स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर रोजगार के अवसर हासिल कर सकेंगी, जिससे उनका आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण भी होगा।
आरती सिंह राव ने कहा कि राजकीय नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता बढ़ने से भविष्य में स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि विभाग को परियोजना से संबंधित आगामी सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि कॉलेज की स्थापना का कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू किया जा सके।



