नारनौल | पुलिस और कमांडो टीम का संयुक्त सर्च अभियान : सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों की जांच | नशा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

नारनौल। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस और कमांडो टीम ने मंगलवार को संयुक्त सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर के पार्कों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में गहन तलाशी लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। 
पुलिस के अनुसार अभियान में सिटी थाना नारनौल पुलिस और कमांडो यूनिट की टीमों ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर जांच की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी उचित कारण के घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा उनकी पहचान की जांच की गई। पुलिस ने विशेष रूप से नशे के आदी व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की। 
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री, सेवन और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
पुलिस ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि, नशे का कारोबार या कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर सूचना दें।
जिला पुलिस ने कहा कि अपराध नियंत्रण, नशा मुक्त समाज और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के औचक सर्च अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।



