रेवाड़ी दुकान कब्जा मामला: नेता का नाम लेकर दबाव, सामान चोरी कर दीवार खड़ी, आरोपी प्रवीण उर्फ बॉबी गिरफ्तार
रेवाड़ी के ब्रह्मगढ़ क्षेत्र में एक दुकान पर कब्जा करने की नीयत से चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रवीण उर्फ बॉबी राव को गिरफ्तार कर लिया और उसके फ्लैट से चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया। मामला मृतक दुकानदार रोशन लाल की दुकान […]

रेवाड़ी के ब्रह्मगढ़ क्षेत्र में एक दुकान पर कब्जा करने की नीयत से चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रवीण उर्फ बॉबी राव को गिरफ्तार कर लिया और उसके फ्लैट से चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया।
मामला मृतक दुकानदार रोशन लाल की दुकान से जुड़ा है। उनकी बेटी द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार रोशन लाल दुकान चलाते थे, लेकिन तबीयत खराब होने पर उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां करीब पखवाड़े पहले उनकी मौत हो गई।
शिकायत में बताया गया कि रोशन लाल की मृत्यु के बाद आरोपी प्रवीण उर्फ बॉबी ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने दुकान के आगे दीवार खड़ी कर कब्जा करने की कोशिश भी की।
पड़ोसी दुकानदारों द्वारा सूचना मिलने पर परिजनों को घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मॉडल टाउन थाना में मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी का सामान भी बरामद कर लिया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी खुद को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का खास समर्थक बताता था और उनके नाम का हवाला देकर लोगों पर धौंस जमाता था।
गौरतलब है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी एक महिला से छेड़छाड़ का मामला दर्ज हो चुका है, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी सामने आती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।



