पानीपत | पशु लोन पास कराने के नाम पर रिश्वतखोरी : VLDA रंगे हाथ गिरफ्तार | ACB की बड़ी कार्रवाई | 5 हजार रुपये बरामद
पानीपत। जिले के बड़ौली गांव स्थित पशु अस्पताल में तैनात एक पशुधन विकास सहायक (VLDA) को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पशुपालक से पशुओं का लोन पास कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने कार्रवाई करते हुए उसे 5 हजार […]

पानीपत। जिले के बड़ौली गांव स्थित पशु अस्पताल में तैनात एक पशुधन विकास सहायक (VLDA) को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पशुपालक से पशुओं का लोन पास कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने कार्रवाई करते हुए उसे 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी कि बड़ौली गांव के पशु अस्पताल में कार्यरत VLDA अशोक कुमार पशुओं का लोन पास कराने के एवज में 7,500 रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
एसीबी अधिकारियों ने शिकायतकर्ता को निर्धारित राशि के साथ आरोपी के पास भेजा। जैसे ही आरोपी ने 5 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से तैनात टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। बताया जा रहा है कि आरोपी इसराना थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी है।
अस्पताल में मचा हड़कंप
पशु अस्पताल परिसर में एसीबी की अचानक कार्रवाई से कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आरोपी को हिरासत में लिए जाने के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पूछताछ जारी, रिकॉर्ड खंगाल रही टीम
एसीबी के इंस्पेक्टर हेमराज ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर पानीपत कार्यालय लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सूत्रों के अनुसार एसीबी अब आरोपी के कार्यकाल से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। जांच की जा रही है कि क्या आरोपी ने पूर्व में भी लोन अथवा अन्य सरकारी कार्यों के नाम पर लोगों से अवैध वसूली की थी। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



