फरीदाबाद। शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 73.97 लाख की ठगी : खाताधारक गिरफ्तार | खाते में आए थे 7 लाख रुपये
फरीदाबाद। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 53 वर्षीय हंसराज गोयल निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 30 […]

फरीदाबाद। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 53 वर्षीय हंसराज गोयल निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 30 मई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-86 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक प्राप्त हुआ था। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गया, जहां ठगों ने उसे स्टॉक्स, प्री-आईपीओ और ब्लॉक डील्स में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया।
ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 73,97,600 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में न तो उसे किसी प्रकार का लाभ मिला और न ही उसकी निवेश की गई राशि वापस मिली। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी हंसराज गोयल की जनता ट्रांस-वे नाम से फर्म है। इसी फर्म का बैंक खाता साइबर ठगों द्वारा इस्तेमाल किया गया था। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 7 लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा हुआ है और उसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और ठगी नेटवर्क के संबंध में पुलिस गहन जांच कर रही है।



