अटेली। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का अटेली में प्रदर्शन : स्वास्थ्य मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
अटेली। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा मुख्यालय महेंद्रगढ़ के बैनर तले रविवार को अनाज मंडी अटेली में कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के जिला कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने की जिसमें बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रधान जुगेश कुमार ने […]

अटेली। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा मुख्यालय महेंद्रगढ़ के बैनर तले रविवार को अनाज मंडी अटेली में कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के जिला कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने की जिसमें बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रधान जुगेश कुमार ने कहा कि वर्ष 2007 में सरकार द्वारा सभी नियमों का पालन करते हुए ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी ताकि गांवों को भी शहरों की तरह स्वच्छ रखा जा सके। लेकिन आज तक कर्मचारियों को उनके जनवादी अधिकार नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में सरकार ने सफाई कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने का वादा किया था लेकिन तीसरे कार्यकाल में भी यह वादा अधूरा है।
यूनियन के महासचिव कॉमरेड सुभाष चंद्र एडवोकेट ने आरोप लगाया कि सरकार सफाई कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा तक प्रदान नहीं कर रही है और केवल स्वच्छता के नाम पर दिखावा कर रही है। वहीं कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने कहा कि सरकार बार-बार झूठे आश्वासन देकर कर्मचारियों को टाल रही है जिससे अब आंदोलन तेज करना आवश्यक हो गया है।
बैठक के बाद कर्मचारियों ने अटेली अनाज मंडी से स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के कार्यालय तक रोष मार्च निकाला और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन उनके निजी सचिव गोविंद गोस्वामी को सौंपा। ज्ञापन सौंपते समय दोनों पक्षों के बीच मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा भी हुई।
ये हैं। प्रमुख मांगों में कर्मचारियों ने मांग की कि उन्हें स्थायी सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए। जब तक यह संभव नहीं होता तब तक 30 हजार न्यूनतम मासिक वेतन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा आधुनिक सफाई उपकरण,वार्षिक भत्ता, ड्रेस भत्ता,महिला कर्मचारियों के लिए मातृत्व अवकाश और पुरुषों के लिए चाइल्ड केयर लीव की सुविधा देने की भी मांग की गई।
साथ ही प्रति 250 की आबादी पर एक सफाई कर्मचारी की नियुक्ति,ड्यूटी के दौरान मृत्यु पर 50 लाख मुआवजा व आश्रित को सरकारी नौकरी, नसीबपुर स्थित ईएसआई अस्पताल का विस्तार,ग्राम पंचायतों में ई-रिक्शा की व्यवस्था तथा श्रम कानूनों में किए गए बदलावों को वापस लेने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। इस मौके पर अशोक कुमार, मनोज कुमार, ओमप्रकाश, महेंद्र सिंह,सतबीर, सुरेश, मंजू देवी,नाथूराम सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।



