नारनौल। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने वीसी के जरिए की योग दिवस तैयारियों की समीक्षा : जिला में तेज होगा योग युक्त-नशा मुक्त अभियान | हर गांव में लगाए जाएंगे योग मित्र
नारनौल। आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर हरियाणा सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक कर योग दिवस की तैयारियों का जायजा लिया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था […]

नारनौल। आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर हरियाणा सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक कर योग दिवस की तैयारियों का जायजा लिया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है, जिसके तहत प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

योग दिवस तैयारियों की समीक्षा बैठक में मौजूद अधिकारी और डीसी अनुपमा अंजली।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त अनुपमा अंजली ने जिला महेंद्रगढ़ में चल रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के “योग युक्त-नशा मुक्त हरियाणा” संकल्प को जिले में पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ लागू किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि “हर घर योग, हर दिन योग” के संदेश को जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जिले के प्रत्येक गांव में योग मित्र नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि ग्रामीण स्तर पर भी लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुष विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम से पहले सभी प्रारंभिक योग सत्र और जागरूकता कार्यक्रम समयबद्ध तरीके से आयोजित किए जाएं। जिला स्तर पर कार्यक्रम को सफल, अनुशासित और भव्य बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में दीपक, तरुण कुमार पावरिया, मनोज कुमार, डॉ. मंगलसेन तथा डॉ. शशि बाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने जिलावासियों से अपील की कि वे 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे जनआंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल International Yoga Day Haryana Portal पर जाकर अपना पंजीकरण करवाएं ताकि जिला महेंद्रगढ़ योग के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सके।



