फरीदाबाद मोबाइल टावर के नाम पर 42.63 लाख की ठगी : 2 आरोपी गिरफ्तार | साइबर थाना बल्लभगढ़ की कार्रवाई
फरीदाबाद में मोबाइल टावर लगवाने के नाम पर 42 लाख 63 हजार 500 रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी अवनीश (22) और अरसौनी (28) को काबू […]

फरीदाबाद में मोबाइल टावर लगवाने के नाम पर 42 लाख 63 हजार 500 रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी अवनीश (22) और अरसौनी (28) को काबू किया गया है, जिससे इस तरह के ठगी नेटवर्क की एक अहम कड़ी सामने आई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव जुन्हेड़ा बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 17 अक्टूबर 2024 को उसके पास इंडस टावर कंपनी की कथित महिला कर्मचारी का फोन आया, जिसने बताया कि उनकी कंपनी INDUS TOWERS LIMITED और JIO के मोबाइल टावर लगाने का कार्य करती है। आरोपी ने 20 साल का एग्रीमेंट, 40 लाख रुपये एडवांस, 25 हजार रुपये मासिक किराया, एक व्यक्ति को नौकरी और टावर लगने के बाद अतिरिक्त भुगतान का लालच देकर उसे अपने जाल में फंसा लिया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 29 अक्टूबर 2024 से 10 जून 2025 के बीच ठगों ने रजिस्ट्रेशन चार्ज, GST, RBI, LTC, TDS, सिक्योरिटी, स्टांप ड्यूटी, ग्रीन कार्ड, पेमेंट ट्रांसफर और कमीशन जैसे विभिन्न शुल्कों के नाम पर उससे कुल 42,63,500 रुपये ट्रांसफर करवा लिए, लेकिन इसके बाद उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी खाताधारक हैं, जिनके खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी। अवनीश के खाते में 1.25 लाख रुपये और अरसौनी के खाते में 6.73 लाख रुपये आए थे। अवनीश 12वीं पास है, जबकि अरसौनी एमएससी पास है और दोनों अलग-अलग CSC सेंटर चलाते हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे साइबर ठगी गिरोह और अन्य संलिप्त लोगों का खुलासा किया जा सके।
Editor: State Desk



