फरीदाबाद | पानी का बिल भरने के नाम पर 8.53 लाख की साइबर ठगी : साइबर थाना सेंट्रल ने पंजाब से 2 आरोपी दबोचे
फरीदाबाद | पानी का बिल भरने के नाम पर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने 27 मई को 2 आरोपितों को कपूरथला पंजाब से गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान सरबजीत(35) व तरुणधीर(33) वासी जिला कपूरथला पंजाब के रूप में हुई है। जिनको 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया […]

फरीदाबाद | पानी का बिल भरने के नाम पर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने 27 मई को 2 आरोपितों को कपूरथला पंजाब से गिरफ्तार किया है।
जिनकी पहचान सरबजीत(35) व तरुणधीर(33) वासी जिला कपूरथला पंजाब के रूप में हुई है। जिनको 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-85, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि 7 अप्रैल को उसके मोबाइल फोन पर पानी का बिल भरने संबंधी एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था। उसने जब उक्त नंबर पर संपर्क किया तो आरोपियों ने उसे एक लिंक भेजा और प्लॉट की आईडी भरने के लिए कहा।
साथ ही यह भी कहा गया कि आईडी रजिस्टर करने के बाद पानी का बिल नहीं आएगा। जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक किया, कुछ ही देर बाद उसके बैंक खाते से 8,53,750 रुपये निकाल लिये गए। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तरुणधीर और सरबजीत आपस में जानकार हैं। तरुणधीर कपूरथला स्थित एक पैट्रोल पंप पर मेनेजर का काम करता है तथा सरबजीत एक होटल पर काम करता है। तरुणधीर ने सरबजीत द्वारा उपलब्ध कराए गए क्रेडिट कार्ड को पैट्रोल पंप की POS मशीन पर स्वाइप कर नकद पैसे सरबजीत को दिये थे। क्रेडिट कार्ड जतिंदर का था। जिसमें ठगी के 355000 रुपए आये थे।



