नांगल चौधरी | मौसम का तांडव : भयंकर आंधी-तूफान और तेज बारिश से मचा हड़कंप | हाईवे से गांवों तक गिरे पेड़
नांगल चौधरी | क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तेज धूल भरी आंधी, गरज-चमक और जबरदस्त बारिश ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। भयंकर तूफान के चलते जगह-जगह पेड़-पौधे टूटकर सड़कों पर गिर […]

नांगल चौधरी | क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तेज धूल भरी आंधी, गरज-चमक और जबरदस्त बारिश ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। भयंकर तूफान के चलते जगह-जगह पेड़-पौधे टूटकर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया।

नांगल चौधरी क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के दौरान सड़क पर गिरा विशाल पेड़।
तेज हवाओं का सबसे ज्यादा असर NH-148 हाईवे पर देखने को मिला, जहां कई बड़े पेड़ टूटकर सड़क के बीचों-बीच आ गिरे। वहीं हाईवे से गांवों की तरफ जाने वाले रास्तों पर भी पेड़ गिरने से आवाजाही प्रभावित रही। कई वाहन चालकों को बीच रास्ते में रुकना पड़ा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आंधी और बारिश के बाद क्षतिग्रस्त टीन शेड और बिखरा सामान।
तूफान इतना तेज था कि लोगों का चूल्हा जलाने का ईंधन, लकड़ियां और धांसे भी तेज हवाओं के साथ सड़कों पर आ गए। कई जगह टीन शेड उड़ गए, जबकि खेतों और बागानों में भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। ग्रामीणों के अनुसार आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि छोटे पेड़ जड़ से उखड़ गए और बड़े पेड़ों की शाखाएं टूटकर इधर-उधर बिखर गईं।



