फतेहाबाद | पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई : 26 लाख रुपये से अधिक की अफीम बरामद
फतेहाबाद | पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के निर्देशन में चलाए जा रहे “नशा मुक्त फतेहाबाद अभियान” के तहत फतेहाबाद पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जिला की क्राइम यूनिट सीआईए फतेहाबाद एवं एएनसी टीम ने अलग-अलग दो मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे […]

फतेहाबाद | पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के निर्देशन में चलाए जा रहे “नशा मुक्त फतेहाबाद अभियान” के तहत फतेहाबाद पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जिला की क्राइम यूनिट सीआईए फतेहाबाद एवं एएनसी टीम ने अलग-अलग दो मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 5 किलो 497 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी श्रीमती दिव्याशीं सिंगला ने बताया कि दोनों कार्रवाई गुप्त सूचनाओं के आधार पर की गईं। सीआईए फतेहाबाद ने थाना सदर टोहाना क्षेत्र के गांव इन्दाछुई में एक खेत में बने कोठे से 2 किलो 560 ग्राम अफीम बरामद की, जबकि एएनसी फतेहाबाद ने गांव धांगड़ के समीप हाईवे पुल के नीचे नाकाबंदी के दौरान एक कार से 2 किलो 937 ग्राम अफीम बरामद करने में सफलता हासिल की।
पहली कार्रवाई : सीआईए फतेहाबाद
एएसपी ने बताया कि सीआईए फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल के नेतृत्व में कार्यरत टीम को सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार के माध्यम से गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव इन्दाछुई निवासी सत्यवान पुत्र सुल्तान सिंह अपने खेत में बने कोठे में रहकर अफीम तस्करी का कार्य करता है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उक्त स्थान पर दबिश दी और आरोपी के कब्जे से 2 किलो 560 ग्राम अफीम बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये से अधिक है।
इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध थाना सदर टोहाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच जारी है।
दूसरी कार्रवाई : एएनसी फतेहाबाद
दूसरे मामले में एएनसी फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक साधूराम के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक रामअवतार की टीम ने गांव धांगड़ के समीप हाईवे पुल के नीचे गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की। इस दौरान टाटा टियागो कार नंबर UP-24AL-9959 को रोककर जांच की गई।
कार में सवार आरोपियों की पहचान निम्नानुसार हुई—
1. आनंद कुमार पुत्र सत्यभान मिश्रा पुत्र भगवान दास, निवासी गांव गुडाना, तहसील दातागंज, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश)
2. श्याम पाठक पुत्र देवेंद्र पाठक पुत्र चेतराम, निवासी गांव नरदौली, तहसील पटियाली, जिला कासगंज (उत्तर प्रदेश)
3. ब्रह्मानंद पुत्र सत्यभान मिश्रा पुत्र भगवान दास, निवासी गांव गुडाना, तहसील दातागंज, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश)
4. संजीव कुमार उर्फ संजू पुत्र ब्रह्मदेव, निवासी गांव ईकरीखेड़ा, तहसील जलालाबाद, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)
नियमानुसार तलाशी लेने पर वाहन से 2 किलो 937 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रुपये है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नशा तस्करों के नेटवर्क की होगी गहन जांच
एएसपी श्रीमती दिव्याशीं सिंगला ने बताया कि सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों एवं मुख्य सरगनाओं तक पहुंच बनाई जा सके। फतेहाबाद पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा तस्करी अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों संबंधी कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।



