नारनौल | जिला में पेट्रोल डीजल की कोई कमी नहीं : कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई-डीसी अनूपमा अंजली
नारनौल | जिलावासियों, किसानों और वाहन चालकों को पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर पैनिक (घबराने) होने की आवश्यकता नहीं है, जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और इसकी प्रतिदिन निर्बाध रूप से आपूर्ति की जा रही है। यह बात उपायुक्त अनुपमा अंजली ने आज लघु सचिवालय में पेट्रोल और डीजल की अनावश्यक बिक्री […]

नारनौल | जिलावासियों, किसानों और वाहन चालकों को पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर पैनिक (घबराने) होने की आवश्यकता नहीं है, जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और इसकी प्रतिदिन निर्बाध रूप से आपूर्ति की जा रही है। यह बात उपायुक्त अनुपमा अंजली ने आज लघु सचिवालय में पेट्रोल और डीजल की अनावश्यक बिक्री के संबंध में आयोजित सेल्स ऑफिसर और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्थिति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी क्षेत्रों में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह से सुचारू रूप से काम कर रही है।
उन्होंने सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अरुण सैनी को निर्देश दिए कि जिला प्रशासन तेल की जमाखोरी और अवैध बिक्री पर पूरी तरह से नजर रखे हुए है। यदि कोई भी व्यक्ति या एजेंसी पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत तुरंत और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारी को निर्देश दिए कि राजस्थान से सेट इलाकों पर नाकेबंदी के दौरान विशेष निगरानी की जाए ताकि डीजल व पेट्रोल की कालाबाजारी पर अंकुश लग सके।
इसके साथ ही उपायुक्त ने जिले के सभी किसानों, वाणिज्यिक वाहन चालकों और आम जनता से विशेष आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी तरह की भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें। नागरिक धैर्य बनाए रखें और केवल अपनी नियमित आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीदारी करें। जिला प्रशासन आम जनता की सहूलियत के लिए पूरी तरह मुस्तैद है और जिले में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति लगातार सुनिश्चित की जाती रहेगी।
इस बैठक में नारनौल एसडीएम अनिरुद्ध यादव, डीसीपी भारत भूषण के अलावा अधिकारी व सेल्स ऑफिसर मौजूद थे।



