नारनौल। यातायात नियम तोड़ने वालों पर जिला पुलिस का एक्शन : मई माह में 8,089 चालान | 179 वाहन जब्त।
नारनौल। महेंद्रगढ़ जिला पुलिस ने यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए मई माह में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 8,089 चालान किए […]

नारनौल। महेंद्रगढ़ जिला पुलिस ने यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए मई माह में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 8,089 चालान किए गए, जबकि 179 वाहनों को जब्त (इंपाउंड) किया गया।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक लापरवाही बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों में देखने को मिली। पूरे माह में 2,690 दोपहिया वाहन चालकों के चालान बिना हेलमेट के काटे गए। वहीं, रॉन्ग पार्किंग के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत 2,159 वाहनों के चालान किए गए।
तेज रफ्तार से वाहन चलाकर सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वाले 661 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 259 लोगों पर भी जुर्माना लगाया गया। बिना नंबर प्लेट के सड़क पर दौड़ रहे 209 वाहनों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कदम उठाए।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 54 चालकों के चालान किए गए। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 25 लोगों के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत कार्रवाई की गई। वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वाले 17 वाहन चालकों के चालान भी पुलिस ने किए।
जिला पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 179 वाहनों को जब्त कर यातायात नियमों की गंभीरता का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की पालना न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।



