फरीदाबाद | डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने केमिस्ट संचालकों के साथ की बैठक : प्रतिबंधित दवाइयां न बेचने और सीसीटीवी लगाने के दिए निर्देश
फरीदाबाद। प्रतिबंधित दवाइयों पर अंकुश लगाने और नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने केमिस्ट एवं मेडिकल स्टोर संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का आयोजन 3 जून को लघु सचिवालय बल्लभगढ़ स्थित कार्यालय में किया गया, जिसमें बल्लभगढ़ जोन के अनेक केमिस्ट और मेडिकल […]

फरीदाबाद। प्रतिबंधित दवाइयों पर अंकुश लगाने और नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने केमिस्ट एवं मेडिकल स्टोर संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का आयोजन 3 जून को लघु सचिवालय बल्लभगढ़ स्थित कार्यालय में किया गया, जिसमें बल्लभगढ़ जोन के अनेक केमिस्ट और मेडिकल स्टोर संचालकों ने भाग लिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार फरीदाबाद पुलिस एनडीपीएस एक्ट के तहत नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आयोजित बैठक के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों को प्रतिबंधित दवाइयों से संबंधित नियमों की जानकारी दी गई तथा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ऐसी दवाइयां न तो स्टोर में रखी जाएं और न ही बेची जाएं।
डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने सभी संचालकों को अपनी दुकानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैमरों की कवरेज दुकान के अंदर और बाहर दोनों क्षेत्रों को पूरी तरह कवर करनी चाहिए ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित दवाइयों के दुरुपयोग को रोकने में केमिस्ट एवं मेडिकल स्टोर संचालकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सभी संचालकों को दवाइयों का उचित रिकॉर्ड रखने और किसी भी अवैध गतिविधि को बढ़ावा न देने की हिदायत दी गई। साथ ही निर्देश दिए गए कि यदि कोई व्यक्ति प्रतिबंधित दवा खरीदने का प्रयास करता है या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी जाए।
डीसीपी ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस और मेडिकल स्टोर संचालकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी संचालक कानून का पालन करते हुए नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस का सहयोग करेंगे।बैठक में उपस्थित केमिस्ट एवं मेडिकल स्टोर संचालकों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।



