निजामपुर | पुलिस-जनप्रतिनिधि समन्वय पर जोर : नशे से दूर रहने की अपील | थाना प्रभारी भगत सिंह का हुआ स्वागत
निजामपुर। थाना निजामपुर के नवनियुक्त थाना प्रभारी भगत सिंह का सरपंच संगठन निजामपुर खंड एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा फूलों का गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। स्वागत कार्यक्रम में सरपंच […]

निजामपुर। थाना निजामपुर के नवनियुक्त थाना प्रभारी भगत सिंह का सरपंच संगठन निजामपुर खंड एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा फूलों का गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
स्वागत कार्यक्रम में सरपंच संगठन निजामपुर खंड के प्रधान विक्रम पहलवान, निहाल सरपंच मोखूता, कारोली सरपंच प्रतिनिधि, नापला सरपंच प्रतिनिधि सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी भगत सिंह के साथ क्षेत्र की कानून व्यवस्था, सामाजिक सरोकारों, ग्रामीण समस्याओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल से गांवों में अपराध नियंत्रण और सामाजिक समस्याओं के समाधान में तेजी लाई जा सकती है।
इस मौके पर थाना प्रभारी भगत सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जनता के साथ विश्वास और सहयोग का वातावरण तैयार करना है ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द कायम रहे।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना देता है। युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर ध्यान देना चाहिए, ताकि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में मौजूद सरपंचों और प्रतिनिधियों ने भी पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए पंचायतें पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर काम करेंगी।



